अम्बिकापुर, 4 जुलाई। छग टीचर्स एसोसिएशन, जिला सरगुजा की आवश्यक बैठक शनिवार को रघुनाथपुर (लुंड्रा) में जिलाध्यक्ष कमलेश सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का आयोजन प्रदेश इकाई के निर्देशानुसार संगठन की सक्रियता, विस्तार एवं शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श एवं आगामी कार्ययोजना निर्धारित करने के उद्देश्य से किया गया।
बैठक में जिला एवं विकासखंड स्तर पर संगठन की सक्रियता एवं विस्तार, जिला इकाई में आवश्यकतानुसार पद वृद्धि एवं नवीन पदाधिकारियों के समायोजन, शिक्षक हितों से जुड़े प्रमुख विषयों—पूर्व सेवा की गणना, प्रथम नियुक्ति तिथि से पेंशन, पदोन्नति, क्रमोन्नति, टीईटी, बी.एड. योग्यता, वीएसके ऐप तथा अन्य विभागीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संगठन की सदस्यता वृद्धि, विगत वर्ष की सदस्यता की समीक्षा तथा सोशल मीडिया, वेब न्यूज़ एवं समाचार पत्रों के माध्यम से संगठन के प्रभावी प्रचार-प्रसार की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संयुक्त संचालक कार्यालय द्वारा जारी वर्तमान वरिष्ठता सूची में पाई गई विसंगतियों एवं शिक्षकों की स्थानीय समस्याओं को लेकर 7 जुलाई 2026 को सभी विकासखंडों में तथा 10 जुलाई 2026 को संयुक्त संचालक एवं जिला शिक्षा अधिकारी, सरगुजा के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बैठक में जिलाध्यक्ष कमलेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष आर.बी. गुप्ता, काजेश घोष, अनिल तिग्गा, रमेश याज्ञिक, सीतापुर ब्लॉक अध्यक्ष सुशील मिश्रा, लुंड्रा ब्लॉक अध्यक्ष रणबीर सिंह चौहान, राकेश दुबे, प्रशांत चतुर्वेदी, विनोद यादव, केश्वर यादव, बुंदलेश्वर सिंह मरकाम,सुरेन्द्र केशर,सोनू नाग,जगमोहन सारोठिया,पुनीत कुजूर,मथुरा यादव,रवीश चंद्र पटेल,कलस्तुष केरकेट्टा सहित जिला पदाधिकारी, विकासखंड अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में शिक्षक साथी उपस्थित रहे।



