जिला स्तरीय बास्केटबॉल जूनियर ओपन चैंपियनशिप 2026 का हुआ शुभारंभ जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सरगुजा के युवा खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा
अंबिकापुर। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में जिला स्तरीय बास्केटबॉल जूनियर ओपन चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ आज गांधी स्टेडियम स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की कुल 12 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में सरगुजा बास्केटबॉल क्लब, माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल, दशमेश पब्लिक स्कूल, उर्सुलाइन गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल, मॉन्टफोर्ट स्कूल, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल वसुंधरा, होली क्रॉस हायर सेकेंडरी स्कूल एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं क्लबों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

उद्घाटन समारोह में नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शाफी अहमद, पार्षद कलीम अंसारी, पार्षद शुभम जायसवाल, शैलेंद्र प्रताप सिंह, हिमांशु जायसवाल, सुरेंद्र गुप्ता, संजय नवाज, सौरभ सिन्हा एवं गौरव सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों को अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि सब-जूनियर प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद अब जूनियर वर्ग की प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की नियमित प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अधिक से अधिक प्रतिस्पर्धात्मक मैच खेलने का अवसर प्रदान करती हैं, जिससे उनके खेल कौशल, आत्मविश्वास एवं मैच प्रेशर को संभालने की क्षमता का विकास होता है। यही खिलाड़ी भविष्य में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सरगुजा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह प्रतियोगिता 3 से 5 जुलाई 2026 तक गांधी स्टेडियम बास्केटबॉल ग्राउंड, अंबिकापुर में आयोजित होगी। प्रतियोगिता के दौरान रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे तथा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में रजत सिंह, सुनैना जायसवाल, आकाश गुप्ता, बबीता तिग्गा, अनुपमा तिर्की, प्रिया जायसवाल, खुशबू गुप्ता, प्रज्ञा मिश्रा, दीपेश सिंह, रिमझिम एवं अभिषेक निर्णायक एवं तकनीकी अधिकारियों के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।



