संवाददाता: राज तिवारी
मुंबई क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
मुंबई। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को सरकारी काम और बैंक लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे।
डीसीपी (डिटेक्शन) राज तिलक रौशन ने बताया कि आरोपियों ने मुंबई पुलिस की ऐसी यूनिट का फर्जी पहचान पत्र तैयार कर रखा था, जिसका वास्तविक अस्तित्व ही नहीं है। गिरोह के सदस्य पुलिस की वर्दी, पुलिस स्टिकर लगी वैन, पुलिस का डंडा और नकली रिवॉल्वर के साथ घूमते थे, ताकि लोगों का विश्वास आसानी से जीत सकें।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी सरकारी पहचान पत्र और पुलिस अधिकारी होने का रौब दिखाकर बैंक से लोन मंजूर कराने सहित अन्य सरकारी कार्य कराने का झांसा देते थे और इसके एवज में लोगों से मोटी रकम वसूलते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी पुलिस पहचान पत्र, नकली सरकारी दस्तावेज और ठगी में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया है।



