सामरी लीज क्षेत्र की अनदेखी पर उठे सवाल, स्थानीय लोगों ने हिंडालको प्रबंधन से की बड़े आयोजनों की मांग
सामरी, बलरामपुर।
सामरी हिंडालको बॉक्साइट लीज क्षेत्र होने के बावजूद आज तक यहां कंपनी की ओर से बड़े सामाजिक, सांस्कृतिक, खेलकूद अथवा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किए जाने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी और मायूसी देखने को मिल रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हिंडालको प्रबंधन अपने लीज क्षेत्र से बाहर विभिन्न स्थानों पर बड़े-बड़े आयोजन कर अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करता है, लेकिन जिस सामरी क्षेत्र की खदानों से कंपनी को खनिज संसाधन प्राप्त होते हैं, उसी क्षेत्र को लगातार उपेक्षित रखा जा रहा है।
स्थानीय पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता युसूफ खान ने हिंडालको के महाप्रबंधक (जीएम) से विनम्र अपील करते हुए कहा कि सामरी लीज क्षेत्र के लोगों को भी कंपनी की सामाजिक गतिविधियों का समान लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने आग्रह किया कि आने वाले समय में सामरी में भी भव्य सामाजिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं जनहित के कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि स्थानीय युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों को भी इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि हिंडालको केवल खनिज संसाधनों के दोहन तक सीमित न रहे, बल्कि जिस क्षेत्र से कंपनी को पहचान और संसाधन मिल रहे हैं, वहां के लोगों के विकास, सम्मान और सहभागिता को भी प्राथमिकता दे। सामरी लीज क्षेत्र के लोगों को भी यह महसूस होना चाहिए कि कंपनी उनके साथ खड़ी है।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि हिंडालको प्रबंधन सामरी में भी बड़े आयोजनों की शुरुआत करता है तो इससे कंपनी और स्थानीय जनता के बीच विश्वास और बेहतर संबंध स्थापित होंगे। लोगों ने उम्मीद जताई है कि कंपनी प्रबंधन इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए सामरी लीज क्षेत्र के लिए सकारात्मक पहल करेगा।
युसूफ खान का कहना है:
“सामरी केवल खनिज देने वाला क्षेत्र नहीं, बल्कि सम्मान और विकास का भी अधिकार रखता है। अब समय आ गया है कि हिंडालको प्रबंधन इस ओर ठोस पहल करे।”



