रायपुर, 28 जून।
राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘आपातकाल स्मृति दिवस’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक श्री इन्द्रेश कुमार तथा केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू शामिल हुए।
इस अवसर पर अतिथियों ने लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करते हुए उनके त्याग, संघर्ष एवं लोकतंत्र की रक्षा के लिए दिए गए योगदान को नमन किया। कार्यक्रम में ‘आपातकाल के योद्धा’ स्मारिका का विमोचन भी किया गया तथा आपातकाल विषय पर आयोजित विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तरीय निबंध प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक ऐसा अध्याय है, जिससे नई पीढ़ी को अवगत कराना आवश्यक है, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संविधान के प्रति उनकी आस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।
इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री सच्चिदानंद उपासने सहित अनेक जनप्रतिनिधि, लोकतंत्र सेनानी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



