सरगुजा NSUI ने जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल के नेतृत्व में अम्बिकापुर दौरे पर पधारे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शनिवार शाम मुलाकात कर सरगुजा जिले में शासकीय पत्रकारिता महाविद्यालय की स्थापना किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि सरगुजा संभाग में वर्तमान समय तक पत्रकारिता की उच्च शिक्षा के लिए कोई शासकीय महाविद्यालय उपलब्ध नहीं है। इसके कारण पत्रकारिता की पढ़ाई करने के इच्छुक विद्यार्थियों को रायपुर, बिलासपुर एवं अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
NSUI ने मुख्यमंत्री से मांग की कि सरगुजा जिले में शीघ्र शासकीय पत्रकारिता महाविद्यालय की स्थापना की जाए, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने ही संभाग में गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता शिक्षा प्राप्त हो सके तथा युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलें। NSUI अध्यक्ष के नेतृत्व में गये प्रतिनिधि मंडल से चर्चा के उपरांत मुख्यमंत्री ने इस दिशा में पहल का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधि मंडल में राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष सतीश बारी, अभिषेक सोनी, अंकित जायसवाल, अवि गोस्वामी ऋषभ जायसवाल मौजूद थे।



