अम्बिकापुर/पत्रकार स्वयं में सम्मानित शब्द है कोई भी सम्मान उनके प्रतिष्ठित कार्य को सम्मानित नहीं कर सकता। पत्रकार समाज को दिशा प्रदान करते हैं। आज हम नवा बिहान टीम की ओर से उनका आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से एकत्र हुए हैं। आप सभी पत्रकारों ने जिस तरह से हमारे नवा बिहान के कार्यक्रम को जन-जन के बीच पहुंचायी है, हम उसके प्रति आभारी हैं उक्ताशय डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल ने नवा बिहान नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के पत्रकार सम्मान कार्यक्रम के दौरान कही।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सरगुजा के वरिष्ठ पत्रकार सुधीर पाण्डेय ने कहा कि नवा बिहान नशा मुक्ति जागरूकता अभियान की टीम सरगुजा पुलिस के साथ मिल कर सरगुजा में नशा मुक्ति के लिये सार्थक एवं पुनीत कार्य कर रही है। आज इस कार्यक्रम में उपस्थित होकर मैं गौरवांवित महसुस कर रहा हूं। हालांकि मेरे पिछले 40 सालों का अनुभव रहा है कि जैसी स्थिति सरगुजा में मेरे पत्रकारिता के शुरूआत के दौरान नशा को लेकर थी लगभग वैसी ही आज भी है, किन्तु इस दिशा में अब व्यापक स्तर पर पुलिस विभाग और सामाजिक संस्थायें कार्य कर रही हैं। लोगों को जागरूक कर रही हैं यह देख कर अच्छा लगता है। सरगुजा पत्रकार संघ के अध्यक्ष दीपक सराठे ने कहा कि नवा बिहान का कार्य काफी अच्छा है और नशा मुक्त समाज बनाने लगातार प्रयासरत हैं, इनकी खबरों को प्रकाशित कर इस कार्य में हमें भी थोड़ी सहभागिता करने का अवसर मिल जाता है।

इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केन्द्र में दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इस दौरान नवा बिहान नशा मुक्ति जागरूकता अभियान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल, कार्यक्रम के अध्यक्ष के रूप में वरिष्ठ पत्रकार सुधीर पाण्डेय एवं विशिष्ट अतिथियों में सरगुजा प्रेस क्लब के अध्यक्ष दीपक सराठे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, वरिष्ठ समाजसेवी वंदना दत्ता एवं ब्रम्हाकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय अम्बिकापुर की संचालिका विद्या दीदी की उपस्थिति रही।
इस कार्यक्रम में सरगुजा के वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान कर नवा बिहान नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के द्वारा उनका आभार जताया गया। सम्मान के क्रम में पत्रिका के ब्यूरो चीफ प्रणय राज सिंह राणा, अम्बिकावाणी से दीपक सराठे, रिहंद टाईम्स से लव कुशवाहा, द शूटर से रूपेश दुबे, छ0ग0 फ्रण्ट लाईन से गिरिजा ठाकुर, घटती घटना से अनिल सिन्हा, जशपुरांचल से विजय त्रिपाठी, ईटीवी भारत से देश दीपक गुप्ता, आईएनएच से संतोष कश्यप, खबरी चौक से अंचल ओझा, परिवर्तन एक नई दिशा से मनीषा सिन्हा, पूजा पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य पत्रकार साथियों व नवा बिहान कार्यक्रम के विभिन्न बैनर व फोटोग्राफी में सहयोग हेतु मो. रिजवान खान व सहयोग हेतु राजेश कुमार जायसवाल को स्मृति चिन्ह, अंग वस्त्र व पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
नवा बिहान नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के संयोजक एवं वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पाण्डेय ने वर्ष भर चलने वाले कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए कहा कि कैसे सरगुजा के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के शासकीय व निजी विद्यालयों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम, गांव में पंचायत के माध्यम से विभिन्न अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम एवं नवा बिहान परामर्श केन्द्र में काउंसलिंग का कार्य चल रहा है। पिछले 5-6 वर्षों से लगातार सरगुजा पुलिस व सरगुजा के स्वैच्छिक संगठनों के आपसी समन्वय से यह कार्यक्रम चल रहा है, जिसकी चर्चा न सिर्फ प्रदेश स्तर पर बल्कि अब राष्ट्रीय स्तर पर भी होने लगी है। वरिष्ठ समाजसेवी वंदना दत्ता ने कहा कि नशा मुक्त समाज बनाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और नवा बिहान की टीम भी महिलाओं के साथ मिल कर लगातार कार्य कर रही है, लोगों को जागरूक कर रही है। ब्रम्हाकुमारी अम्बिकापुर की संचालिका विद्या दीदी ने कहा कि समाज में नशा एक ऐसी बुराई है जो चारों ओर है, लगभग घरों में, गांवों में हम सबको मिल जायेगा, इसे दूर करने के लिये सरगुजा में हम सब मिल कर बेहतर प्रयास करने की कोशिश कर रहे हैं। जिसमें पुलिस विभाग की भी भूमिका महत्वपूर्ण हैं। इसे कितना खत्म कर सकेंगे या रोक सकेंगे इसे सोचना छोड़ हमें अपने कार्य को निरंतर करते रहना है और नशा मुक्त समाज बनाने की दिशा में कार्य करना है।
कार्यक्रम का सफल संचालन सामाजिक कार्यकर्ता अनिल मिश्रा एवं कवि व सामाजिक कार्यकर्ता संतोष दास ने किया। इस दौरान संतोष दास ने अपनी स्वरचित सरगुजिहा भाषा की कविता को पढ़ कर नशा मुक्ति पर कार्य कर रहे सामाजिक कार्यकर्ताओं का उत्सावर्धन किया, उन्होंने बीड़ी सिगरेट, गुटका, गांजा औ शराब। नशा हर करथे सबो जिनगी ला खराब कविता का पाठन किया। आभार प्रदर्शन सामाजिक कार्यकर्ता अजय तिवारी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाज सेवी एवं नवा बिहान परामर्श केन्द्र के काउंसलर विजय शंकर तिवारी, उमा शंकर पाण्डेय, डॉ अंचल सिन्हा, अमृत प्रधान, नीरज पाण्डेय, सुनिधि शुक्ला, हिना खान, अमृता जायसवाल, अंजुलेश लकड़ा, एलिजाबेथ कुजूर, संतोष कुमार विश्वकर्मा, खिलानंद भाई, सत्यनारायण भाई, हरि मोहन भाई, पार्वती बहन, संजू बहन, बासमति बहन, ज्योति बहन, मंजू बहन, सरिता बहन सहित नवा बिहान परामर्श केन्द्र के अन्य सहयोगी साथियों की उपस्थिति रही।



