सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने नगर के 100 बिस्तरिये अस्पताल का देर रात्रिकालीन औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा उपचार व्यवस्था का जायजा लिया।
विधायक श्री टोप्पो जी ने अस्पताल की सभी वार्डों में भ्रमण कर साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति, दवा उपलब्धता एवं रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से रात्रि के समय आने वाले मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बरतने पर जोर देते हुए कहा कि अधिकांश मरीज विषम परिस्थितियों में अस्पताल पहुंचते हैं, इसलिए उनका त्वरित एवं समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाना चाहिए। किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विधायक रामकुमार टोप्पो जी ने अस्पताल कर्मियों को अपनी ड्यूटी का समय का पालन करने तथा मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव जी के शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसमें किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।



