बलरामपुर-रामानुजगंज, 8 जून 2026।
जिले के चांदो थाना क्षेत्र अंतर्गत नवाडीह गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपने ही दादा की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
पुलिस के अनुसार, थाना चांदो में मुनिया केरकेटा (64 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 जून को उनके पति भुवनेश्वर केरकेटा (65 वर्ष) घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनका नाती अरुण केरकेटा (20 वर्ष) घर आया हुआ था। बातचीत के दौरान भुवनेश्वर केरकेटा ने अरुण को नहाने, कपड़े धोने और कोई कामकाज नहीं करने की बात कहते हुए समझाइश दी।
इसी बात से नाराज होकर अरुण केरकेटा ने घर में रखे बसुला (धारदार हथियार) से अपने दादा के सिर और गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना चांदो में अपराध क्रमांक 21/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देश पर विभिन्न थाना एवं चौकी प्रभारियों की टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी राजपुर-बरियों मार्ग की ओर भाग रहा है। सूचना पर थाना चांदो और थाना राजपुर की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को राजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।



