सीतापुर: केशला क्षेत्र में उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब ग्रामीणों का गुस्सा उचित मूल्य दुकान क्रमांक 3 के खिलाफ सड़कों पर उतर आया। ग्रामीणों ने डीलर की लगातार लापरवाही और अभद्र व्यवहार से परेशान होकर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले लगभग 6 महीनों से राशन वितरण में भारी अनियमितता बरती जा रही है। कई हितग्राहियों को 2 से 3 महीने तक राशन नहीं दिया गया, जबकि सरकारी नियमों के अनुसार हर महीने नियमित रूप से राशन मिलना चाहिए।

इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने यह भी बताया कि जब वे राशन की मांग करने दुकान पहुंचे, तो डीलर द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले को संज्ञान में लेने और जांच का आश्वासन दिया गया है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, उनका विरोध जारी रहेगा।



