जशपुरनगर:-
गुरुवार को कुनकुरी क्षेत्र के केराडीह में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में गुपचुप (फुचका/पानीपुरी) खाने के बाद केराडीह, डड़गाँव, बतनीडाँड़, भेलवांटोली के कई ग्रामीणों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाजार में लगे एक ठेले से गुपचुप खाने के बाद ग्रामीणों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी शिकायतें होने लगीं।
बीमार ग्रामीणों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है, लेकिन उन्हें निगरानी में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन हरकत में आ गई है। प्रारंभिक जांच में साफ-सफाई में लापरवाही और दूषित पानी के उपयोग की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करते समय सावधानी बरतें और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। साथ ही, दोषी पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



