छत्तीसगढ़ के महाविद्यालयों में विगत 8 वर्षो से छात्रसंघ चुनाव नहीं हो रहे हैं। छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर NSUI पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन कर रहा है। 25 मार्च को प्रेसवार्ता के उपरांत NSUI ने 30 मार्च को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा था। मांग पूरी नहीं होने पर आज 6 अप्रैल को पूरे छत्तीसगढ़ की तरह अम्बिकापुर में भी विश्वविद्यालय का घेराव किया गया। आंदोलन के आगामी चरण में NSUI प्रदेश की राजधानी में घेराव, धरना और प्रदर्शन करने वाली है। छात्रसंघ चुनाव को लेकर एक संयुक्त बयान जारी करते हुए NSUI के सरगुजा अध्यक्ष आशीष जायसवाल, सूरजपुर जिले के अध्यक्ष आकाश साहू, मनेन्द्रगढ़ जिले के अध्यक्ष मो कासिम एवं संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, अम्बिकापुर के अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि छात्रसंघ चुनावी को आयोजित न कर सरकार छात्रों के लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व के अधिकार को समाप्त कर रही है। छात्रसंघ चुनाव के माध्यम से चुने गये प्रतिनिधयों के माध्यम से छात्रों की जायज मांग को सरकार के समक्ष रखा जाता था। छात्रसंघ चुनाव को समाप्त कर भाजपा की यह निरंकुश सरकार उस छात्र राजनीति को समाप्त कर देना चाहती है जो छात्रों के साथ ही साथ देश के आमजन की समस्याओं को भी आवाज़ देता था। इन छात्र नेताओं ने यह आरोप लगाया है कि छात्रसंघ चुनावों पर रोक देश की लोकतांत्रिक मूल्यों को समाप्त करने की दिशा में ही एक कदम है।

विश्वविद्यालय भवन के मुख्य द्वार पर NSUI का घेराव 2 घंटे चला। विश्वविद्यालय के कुलपति को द्वारा ज्ञापन देने के उपरांत यह घेराव समाप्त हुआ। इस मामले में संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय के कुलपति ने अपनी ओर से उचित औपचारिक पहल का आश्वासन दिया है। इस दौरान बड़ी संख्या में NSUI के कार्यकर्ताओं के साथ ही साथ छात्रों की मौजूदगी भी रही।



