कुसमी बलरामपुर
क्षेत्र में दर्ज एक गंभीर आपराधिक मामले ने अब बड़ा रूप ले लिया है। मुस्लिम समाज ने पुलिस प्रशासन को लिखित आवेदन देकर साफ चेतावनी दी है कि यदि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तय समय सीमा में नहीं होती है, तो कुसमी में व्यापक स्तर पर चक्का जाम और जन आंदोलन किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को थाना कुसमी में FIR क्रमांक 31/26 के तहत एक गंभीर मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) के माध्यम से आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित कर सांप्रदायिक तनाव फैलाने, धार्मिक भावनाएं आहत करने और हिंसा भड़काने का प्रयास किया गया।


मामले में अब तक केवल 2 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि मुख्य आरोपी सहित करीब 7 लोग अब भी फरार बताए जा रहे हैं। इससे नाराज समाज के लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे गंभीर लापरवाही करार दिया है।
आवेदन में साफ तौर पर कहा गया है कि अगर 2 दिनों के भीतर सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं की जाती, तो कुसमी बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर चक्का जाम, धरना और जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
समाज के प्रतिनिधियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि आंदोलन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण होगा, लेकिन मांगों को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही यह चेतावनी भी दी गई है कि यदि आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस मामले की सूचना IG सरगुजा रेंज, कलेक्टर, SDM, SDOP सहित संबंधित अधिकारियों को भी दे दी गई है।
फिलहाल पूरे इलाके में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और अब सबकी नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।



