रायपुर, 27 मार्च 2026 //पश्चिम एशिया में जारी संकट के चलते वैश्विक स्तर पर ईंधन की कमी और बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीज़ल पर एक्साइज ड्यूटी में दी गई राहत जनहित में अहम कदम माना जा रहा है। पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी ₹10 से घटाकर ₹3 कर दी गई है, जबकि डीज़ल पर एक्साइज ड्यूटी पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। इस निर्णय का स्वागत करते हुए छत्तीसगढ़ भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल खान ने कहा कि जब दुनिया के कई देशों में पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, ऐसे समय में केंद्र सरकार का यह फैसला आम नागरिकों को बड़ी राहत देने वाला है। श्री खान ने कहा कि इस निर्णय से देश के प्रत्येक परिवार, किसान, श्रमिक और मध्यमवर्ग को व्यापक राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय सरकार की जनकल्याणकारी सोच, संवेदनशीलता और दूरदर्शी नेतृत्व को दर्शाता है।



