अंबिकापुर।
समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय अनोखी सोच सेवा संस्था ने एक बार फिर मानवता और सेवा भावना का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक निर्धन कन्या का विवाह पूरे धार्मिक रीति-रिवाज और सम्मान के साथ संपन्न कराया। संस्था इससे पूर्व भी कई जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह कराकर समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की मिसाल पेश कर चुकी है।
बिहार के औरंगाबाद जिला निवासी आशा कुमारी पासी का विवाह सूरजपुर निवासी धीरज पासी के साथ संपन्न हुआ। दोनों पक्षों का परिवार आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर है। आशा कुमारी के परिवार की स्थिति ऐसी थी कि वे अपनी बेटी का विवाह कराने में पूरी तरह असमर्थ थे। उनके पिता का साया पहले ही सिर से उठ चुका था l जिसके कारण परिवार की जिम्मेदारियाँ और भी बढ़ गई थीं।
ऐसी कठिन परिस्थिति में परिवार ने समाजसेवी संस्था अनोखी सोच से संपर्क कर सहायता की गुहार लगाई। परिवार की स्थिति को देखते हुए संस्था के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश साहू ने उन्हें आश्वस्त किया कि बेटी का विवाह पूरे सम्मान और धूमधाम के साथ कराया जाएगा तथा इसके लिए संस्था हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।

संस्था के सदस्यों ने पहल करते हुए साँड़बार वन देवी मंदिर परिसर में विवाह की सभी तैयारियाँ कीं। आशा कुमारी का विवाह धीरज के साथ परिवारजनों और समाज के लोगों की उपस्थिति में पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। विवाह समारोह में वर-वधू के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएँ संस्था द्वारा की गईं।
विवाह समारोह के दौरान जलपान, प्रीतिभोज तथा अतिथियों के स्वागत की पूरी व्यवस्था भी संस्था द्वारा ही की गई। इसके अतिरिक्त नवविवाहित जोड़े को उनके नए जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू उपयोग की सामग्री, जैसे बर्तन, कपड़े, अलमारी और कुलर इत्यादि जरूरी सामान भेंट स्वरूप प्रदान किए गए, ताकि उनकी गृहस्थी की शुरुआत सुचारू रूप से हो सके।
इस अवसर पर आशा कुमारी के परिवारजन भावुक हो उठे और उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में अनोखी सोच सेवा संस्था उनके लिए किसी भाई और पिता की तरह सामने आई। संस्था के सहयोग से उनकी बेटी का विवाह सम्मानपूर्वक और धूमधाम से संपन्न हो सका, जिसके लिए वे संस्था और उसके सभी सदस्यों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। इस अवसर पर शहर के मानिंद लोगों की उपस्थिति भी रही जिसमें नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी,समाजसेवी वंदना दत्ता,नगर निगम के पार्षद श्रीमती किरण साहू,श्रीमती ममता तिवारी के साथ प्रियंका चौबे नीलम राजवाड़े, रविंदर कौर,नवीन शर्मा ने भी वर वधु को आशीर्वाद प्रदान कियाl
अनोखी सोच संस्था की ओर से संस्था संरक्षक राजेश मलिक, अध्यक्ष सूर्य प्रकाश साहू, कोषाध्यक्ष अभय साहू, सचिव पंकज चौधरी, दिनेश गर्ग, रॉकी शुक्ला, अजय ताम्रकार, मोती ताम्रकार, भोला कश्यप, चंद्र प्रताप सिंह, रूपेश बेहेरा, समित मुंडा, भोला रस्केल, सुनील, अनिल, चंदन, बनाफर, दिलीप श्रीवास्तव, सुभाष,संतोष, गोपी, सावन, बिट्टू, नीरज, पप्पू,बबलू,चंदन, गजानंद, विकास,सोनू,रोहित, विशाल, राजा बाबू, भक्कू, ननकऊ, अविनाश, निशांत, विजय, भावेश सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे और नवविवाहित जोड़े को सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की शुभकामनाएँ दीं।



