*आज़ाद सेवा संघ ने छात्रवृत्ति पोर्टल की तिथि 31 दिसंबर तक बढ़ाने हेतु आयुक्त को लिखा पत्र*
छत्तीसगढ़ के हजारों विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को सुरक्षित करने हेतु ‘आज़ाद सेवा संघ छत्तीसगढ़’ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त को ज्ञापन प्रेषित कर पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। संघ ने शासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए आवेदन करने की समय सीमा समाप्त हो चुकी है, किंतु प्रदेश के सुदूर वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों पात्र विद्यार्थी तकनीकी बाधाओं के कारण अब भी आवेदन से वंचित हैं।
रचित मिश्रा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि आवेदन की अंतिम अवधि के दौरान विभागीय पोर्टल का सर्वर अत्यंत धीमा था, जिसके परिणामस्वरूप छात्रों को लॉगिन करने और ओटीपी सत्यापन जैसी अनिवार्य प्रक्रियाओं को पूर्ण करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके अतिरिक्त, कई महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया देर से संपन्न होने के कारण विद्यार्थियों को अपने आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों के नवीनीकरण हेतु पर्याप्त समय नहीं मिल सका। इन प्रशासनिक और तकनीकी कारणों से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के हजारों छात्र पोर्टल पर अपने दस्तावेज अपलोड करने से चूक गए हैं।


संघ ने इस विषय की गंभीरता पर जोर देते हुए कहा है कि यह छात्रवृत्ति राशि ही इन विद्यार्थियों की शिक्षा का मुख्य वित्तीय आधार है। इसके अभाव में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के कई छात्र अपनी आगामी परीक्षाओं की फीस भरने और निरंतर शिक्षा प्राप्त करने में असमर्थ हो जाएंगे। अतः छात्र हित को सर्वोपरि रखते हुए ‘आज़ाद सेवा संघ’ ने विभाग से मांग की है कि पोर्टल को 31 दिसंबर 2025 तक पुनः खोला जाए। रचित मिश्रा ने विश्वास जताया है कि शासन छात्रों की इस जायज समस्या पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए त्वरित निर्णय लेगा, ताकि कोई भी जरूरतमंद छात्र शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे।



