अंबिकापुर ।
सीतापुर थाना क्षेत्र में विगत अप्रैल 2025 को एक शादी समारोह में शामिल होने गई बेटियों के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। इस गंभीर घटना के बाद भाजपा सरगुजा के जिला महामंत्री अरुणा सिंह , अजजा मोर्चा के ज़िलाध्यक्ष बिंदेश्वरी लाल पैकरा एवं महिला मोर्चा ज़िलाध्यक्ष शुभांगी बिहाडे के साथ मंडल स्तर के पदाधिकारी पीड़ित परिवारों से चर्चा कर घटना की वास्तविक स्थिति जानी और उन्हें हरसंभव सहायता व न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर अरूणा सिंह ने कहा कि यह घटना अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है। उन्होंने मांग की कि सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि समाज में ऐसा अपराध करने वालों के लिए सख्त संदेश जाए। उन्होंने आगे बताया कि भाजपा विधि प्रकोष्ठ भी इस मामले में सक्रिय है और अधिवक्ताओं ने इस जघन्य अपराध में शामिल आरोपियों की पैरवी नहीं करने का निर्णय लिया है। भाजपा पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पार्टी पीड़ितों के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे ।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष राजापुर भगत सिंह, महामंत्री सुदर्शन सोनी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजापुर दूर्गावती कश्यप, मैनपाट की बबली और अजजा मोर्चा राजापुर के लहरूराम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



