अंबिकापुर, 24 अगस्त 2026।
शिक्षकों के अधिकार एवं हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर शिक्षक संघर्ष मोर्चा, सरगुजा द्वारा 25 अगस्त को जिला स्तरीय TET मुक्ति रैली का आयोजन किया जा रहा है। शिक्षक संघर्ष मोर्चा क़े जिला संचालक कमलेश सिंह, नरेंद्र मिश्रा, स्नेहलता पाठक ने बताया की शिक्षकों में शाशन क़े निर्णय से पर्याप्त आक्रोश है। रैली को लेकर जिले के विभिन्न विकासखंडों में शिक्षक साथियों से संपर्क कर अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है।पुरे जिले क़े शिक्षकों में अपनी मांगो को लेकर जबरदस्त उत्साह दिख रहा है।
मोर्चा ने शिक्षकों से एक दिन का आकस्मिक अवकाश (CL) लेकर रैली में शामिल होने की अपील की है। रैली 25 अगस्त को प्रातः 11:30 बजे कलाकेंद्र, अंबिकापुर में आयोजित होगी। मोर्चा का कहना है कि यह आंदोलन किसी एक वर्ग का नहीं, बल्कि शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, सम्मान, आर्थिक हित एवं भविष्य की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर है।
TET की अनिवार्यता समाप्त करने की प्रमुख मांग
शिक्षक संघर्ष मोर्चा की प्रमुख मांगों में TET की अनिवार्यता समाप्त करना, पुरानी सेवा अवधि की गणना कर पेंशन अधिकार सुनिश्चित करना, शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर कर उचित वेतनमान प्रदान करना, त्रुटिपूर्ण पदोन्नति नियमों को निरस्त करना तथा B.Ed. शिक्षकों के लिए विभागीय ब्रिज कोर्स की व्यवस्था करना शामिल है।
मोर्चा का विशेष जोर उन शिक्षकों के मुद्दे पर है, जो वर्षों से शिक्षा विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि 28 वर्षों तक बच्चों को पढ़ाने और शिक्षा व्यवस्था में योगदान देने के बाद फिर से पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता का प्रश्न उनके लिए गंभीर चिंता का विषय है। इसी मुद्दे को लेकर TET मुक्ति रैली के माध्यम से शासन का ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा।
“एक दिन का CL, शिक्षक हित के संघर्ष के नाम”
मोर्चा के जिला संचालक कमलेश सिंह ने जिले के सभी शिक्षक साथियों से अपील करते हुए कहा कि 25 अगस्त की रैली शिक्षक एकता और अपने अधिकारों के लिए सामूहिक आवाज उठाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षक साथी पर दबाव या जोर-जबरदस्ती नहीं, बल्कि मुद्दों की वास्तविकता और भविष्य में होने वाले संभावित नुकसान को समझाकर उन्हें आंदोलन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि “हमारी मांगें किसी व्यक्ति विशेष के हित की नहीं, बल्कि शिक्षकों के सम्मान, सेवा सुरक्षा, पेंशन, वेतन एवं भविष्य से जुड़ी हैं। इसलिए प्रत्येक शिक्षक साथी अपनी परिस्थिति के अनुसार रैली में उपस्थित होकर शिक्षक एकता को मजबूत करे।”
मोर्चा ने सभी विकासखंडों के शिक्षकों से आह्वान किया है कि 25 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में कलाकेंद्र, अंबिकापुर पहुंचकर TET मुक्ति रैली को सफल बनाएं और शिक्षक एकता का परिचय दें।
रैली विवरण:
📅 25 अगस्त 2026
📍 कलाकेंद्र, अंबिकापुर
⏰ प्रातः 11:30 बजे
✊ आयोजक — शिक्षक संघर्ष मोर्चा, सरगुजा



