अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी, अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गाँधी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश की जनता अब भाजपा के राजनीतिक प्रोपेगेंडा और मुद्दों से भटकाने की राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है। भाजपा को वंदे मातरम् पर अनावश्यक विवाद खड़ा करने के बजाय प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा लाल किले की प्राचीन से देशवासियों से किए गए वादों और दावों का हिसाब देना चाहिए।
परवेज गाँधी ने कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता श्रीमती सोनिया गांधी जी ने केवल कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी के लंबे समय तक खड़े रहने को देखते हुए उनके लिए कुर्सी की व्यवस्था करने की बात कही थी। लेकिन भाजपा ने इस सामान्य और मानवीय बात को तोड़-मरोड़कर झूठ फैलाने की कोशिश की कि सोनिया गांधी जी वंदे मातरम् का विरोध कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् का पूरा संस्करण कार्यक्रम में गाया गया और कार्यक्रम पूरी गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इसके बावजूद भाजपा द्वारा अफवाह और भ्रम फैलाना उसकी राजनीतिक हताशा को दर्शाता है। भाजपा को देश को यह बताना चाहिए कि आखिर जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए हर बार इतिहास, राष्ट्रवाद और भावनात्मक विषयों को राजनीतिक हथियार क्यों बनाया जाता है?
परवेज गाँधी ने कहा कि वंदे मातरम् किसी एक राजनीतिक दल की जागीर नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की गौरवशाली विरासत है। इसके सम्मान और राष्ट्रीय महत्व को स्थापित करने में देश के अनेक महान नेताओं और संविधान सभा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। गुरु रवींद्रनाथ टैगोर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, पंडित जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी, मौलाना अबुल कलाम आजाद, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित अनेक महान विभूतियों ने राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दिया।
उन्होंने सवाल किया कि जो लोग आज स्थापित परंपराओं और ऐतिहासिक निर्णयों को बदलने की बात कर रहे हैं, वे देश को बताएं कि उन्हें संविधान सभा और हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत से क्या आपत्ति है?
उन्होंने कहा कि भाजपा को इतिहास को राजनीतिक विवाद का विषय बनाने के बजाय वर्तमान की समस्याओं पर जवाब देना चाहिए। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, युवाओं का भविष्य, पेट्रोल-डीजल की कीमत और आम आदमी की आर्थिक परेशानी पर सरकार कब जवाब देगी?
परवेज आलम गाँधी ने कहा कि देश की जनता अब नारों और भाषणों से नहीं, जवाब और हिसाब से संतुष्ट होगी। भाजपा जितना मुद्दे बदलने की कोशिश करेगी, जनता उतनी ही मजबूती से अपने सवाल पूछेगी।
परवेज आलम गाँधी
प्रदेश महासचिव
छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी, अल्पसंख्यक विभाग



