बलरामपुर-रामानुजगंज। चौकी बलंगी थाना रघुनाथनगर क्षेत्र के ग्राम करी जंगल में ताश के पत्तों से रुपये-पैसे की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलने के मामले में पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजेश कुमार गुर्जर (36 वर्ष), पिता जगमोहन गुर्जर, निवासी आसनडीह, थाना रघुनाथनगर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 18 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम करी जंगल में कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये-पैसे की हार-जीत का दांव लगाकर कटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर चौकी बलंगी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए दबिश दी। इस दौरान दो जुआरियों को पकड़ा गया था। पूछताछ में उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ जुआ खेलने की बात स्वीकार की थी। पुलिस को आता देखकर कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
इस मामले में पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। वहीं, एक अन्य फरार आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए चौकी प्रभारी बलंगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने 13 अगस्त 2026 को फरार आरोपी राजेश कुमार गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना के दिन अपने साथियों के साथ जुआ खेलने तथा पुलिस को देखकर मौके से भाग जाने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। मामले में अपराध क्रमांक 56/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई की गई है।



