जगदलपुर, 03 मई 2026
बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अनुराग महतो ने कहा कि पूरे बस्तर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार अघोषित बिजली कटौती हो रही है। थोड़ी सी हवा या बारिश में भी घंटों बिजली चली जाती है, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को विशेष रूप से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक समय विद्युत सरप्लस राज्य कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ को भाजपा सरकार ने मात्र ढाई वर्षों में विद्युत कटौती का केंद्र बना दिया है।
गर्मी के इस प्रचंड मौसम में बिना किसी पूर्व सूचना के हो रही बिजली कटौती आम जनता के लिए गंभीर समस्या बन गई है। दिन में 2-4 घंटे तो नियमित रूप से बिजली चली जाती है, वहीं रात में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। कई क्षेत्रों में लगातार 4-5 घंटे या उससे अधिक समय तक बिजली गोल रहती है। बस्तर जिले के अनेक गांवों में तो पूरी रात बिजली नहीं आती। लो वोल्टेज की समस्या भी लगातार बनी हुई है।
अनुराग महतो ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार न तो बिजली व्यवस्था संभाल पा रही है और न ही आम जनता को राहत देने में सक्षम है। एक तरफ बिजली आपूर्ति बेहद खराब है, दूसरी तरफ महंगे बिजली बिलों का बोझ भी उपभोक्ताओं पर डाला जा रहा है।
कांग्रेस शासन की उपलब्धियां याद दिलाते हुए महामंत्री अनुराग महतो ने कहा,
“कांग्रेस सरकार के दौरान पूरे छत्तीसगढ़ में 24 घंटे विश्वसनीय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाती थी। गर्मी के मौसम में बढ़ती मांग को देखते हुए दूसरे राज्यों से बिजली खरीदकर भी जनता को निरंतर बिजली दी जाती थी। रबी फसल बोने वाले किसानों को बोरवेल चलाने के लिए निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जाती थी।
कांग्रेस सरकार ने विपरीत परिस्थितियों में भी जनता को राहत देते हुए बिजली बिल हाफ योजना शुरू की थी, जिसका लाभ प्रदेश के 44 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को मिला। इस योजना से 5 वर्षों में प्रत्येक उपभोक्ता को औसतन 40 से 50 हजार रुपये तक की बचत हुई थी। दुर्भाग्य से भाजपा सरकार ने इस लोकहितकारी योजना को भी बंद कर दिया।”
अनुराग महतो ने भाजपा सरकार से तुरंत बस्तर संभाग में अघोषित बिजली कटौती बंद करने, 24 घंटे नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और लो वोल्टेज समस्या का समाधान करने की मांग की है।



