स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सोहगा में दिनांक 30 अप्रैल 2026 को विद्यालय पत्रिका “SAGESPHERE 2.0 – Voices of Tomorrow” का लोकार्पण तथा “निपुण मैथ्स पार्क” का शुभारंभ गरिमामयी एवं प्रेरणादायक वातावरण में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में Dr. Dinesh Kumar Jha (जिला शिक्षा अधिकारी, सरगुजा), Anil Agrawal (सहायक संचालक), Sarvjeet Pathak (जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा), Karunesh Shrivastava (सहायक परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा) एवं Deepmala Singh (सहायक परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा) की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में डॉ. दिनेश कुमार झा, जिला शिक्षा अधिकारी, सरगुजा ने कहा कि “आज के समय में केवल जानकारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि मौलिकता ही व्यक्ति की वास्तविक पहचान बनाती है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपनी सोच विकसित करें, स्वयं के विचारों को अभिव्यक्त करें और मौलिक रहकर ही सफलता प्राप्त करने का प्रयास करें।”

अनिल अग्रवाल, सहायक संचालक ने कहा कि “इस प्रकार की पहलें शिक्षा को व्यवहारिक बनाती हैं। ‘SAGESPHERE 2.0’ जैसी पत्रिका विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देती है, वहीं मैथ्स पार्क जैसे नवाचार विषय को सरल और रुचिकर बनाते हैं।”
सर्वजीत पाठक, जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा ने अपने वक्तव्य में कहा कि “समग्र शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास है। इस प्रकार के नवाचारी प्रयास विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और विश्लेषणात्मक क्षमता का विकास करते हैं, जो भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।”
विद्यालय की प्राचार्या लीना थॉमस ने कहा कि “विद्यालय निरंतर विद्यार्थियों को अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘SAGESPHERE 2.0’ विद्यार्थियों की रचनात्मकता और विचारों का सशक्त माध्यम है, जो उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।”
पत्रिका के संपादक अक्षय रंजन वर्मा ने कहा कि “SAGESPHERE 2.0 विद्यार्थियों की सोच, संवेदनाओं और सृजनात्मकता का प्रतिबिंब है। यह मंच उन्हें अपनी पहचान स्थापित करने और नई दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।”
“निपुण मैथ्स पार्क” के माध्यम से विद्यार्थियों को गणित को अनुभवात्मक तरीके से सीखने का अवसर मिलेगा। विभिन्न मॉडल एवं गतिविधियों के माध्यम से गणित को सरल, रोचक एवं जीवन से जुड़ा बनाने का प्रयास किया गया है, जिससे तार्किक क्षमता एवं समस्या समाधान कौशल का विकास होगा।

कार्यक्रम का संचालन रूपेश साहू एवं कनिजा फातिमा द्वारा किया गया। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



