सरगुजा की बेटी ने बढ़ाया मान, टारगेटबॉल में भारत का करेंगी प्रतिनिधित्व
सरगुजा जिले की खिलाड़ी रिंकी सिंह का चयन आगामी 3rd इंटरनेशनल टारगेटबॉल अचीवर्स कप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 3 से 7 मई 2026 तक काठमांडू (नेपाल) में आयोजित होगी, जिसमें भारत की टीम भाग लेगी।
सरगुजा जैसे दूरस्थ एवं संसाधन-विहीन क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना रिंकी की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। सीमित सुविधाओं के बावजूद उन्होंने जिस प्रकार लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वह क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि रिंकी सिंह ने अपने खेल जीवन में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन किया है। विशेष रूप से ढाका (बांग्लादेश) में आयोजित सीनियर इंटरनेशनल प्रतियोगिता में रजत पदक, सीनियर नेशनल फेडरेशन कप (मथुरा) में रजत पदक (टीम कप्तान के रूप में) तथा हरियाणा टीम से खेलते हुए स्वर्ण पदक के साथ “बेस्ट शूटर” अवार्ड उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं।
इसके अलावा रिंकी ने जूनियर एवं सीनियर नेशनल प्रतियोगिताओं में निरंतर भागीदारी निभाई है, साथ ही वर्ष 2024 में रोहतक (हरियाणा) में आयोजित नेशनल टारगेटबॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ टीम की कोच की भूमिका भी निभाई।
सरगुजा जैसे क्षेत्र से निकलकर भारतीय टीम में जगह बनाना आसान नहीं है, लेकिन रिंकी ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी यह सफलता पूरे जिले और प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
रिंकी सिंह की इस उपलब्धि से पूरे सरगुजा जिले से खेल प्रेमियों, कोच एवं खेल संघों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने की कामना की है।



