अम्बिकापुर।
सरगुजा जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने 406 बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ 133वें संस्करण का उत्साहपूर्वक श्रवण किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व और सौभाग्य का विषय है कि पीएम मोदी ने राज्य में काले हिरणों के संरक्षण कार्यों की खुलकर सराहना की। उन्होंने बांस को ‘पेड़’ की बजाय ‘घास’ की श्रेणी में रखने के ऐतिहासिक निर्णय पर प्रसन्नता जताते हुए बताया कि इससे बांस की कटाई, परिवहन और बिक्री आसान हो जाएगी, जो ग्रामीणों के लिए कमाई का बड़ा स्रोत बनेगी।
सिसोदिया ने आगे कहा कि देशवासियों को हर महीने के अंतिम रविवार का बेसब्री से इंतजार रहता है। ‘मन की बात’ के जरिए पीएम मोदी समाज की प्रेरणादायी कहानियां, देश के कोने-कोने से नई जानकारियां और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ते हैं।
कार्यक्रम के जिला संयोजक जन्मेजय मिश्रा ने बताया कि भाजपा सरगुजा के बूथ स्तरीय आयोजनों में 320 अतिथियों ने ग्रामीणों संग ‘मन की बात’ सुनी। इसमें महापौर मंजूषा भगत, वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया सहित अन्य प्रमुख नेता शामिल रहे।



