दिनांक 20 अप्रैल 2026 को कृषि विज्ञान केन्द्र, मैनपाट में अक्षय तृतीया के अवसर पर ‘‘अक्ती तिहार’’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में श्री अनिल अग्रवाल, उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत, सीतापुर एवं उपाध्यक्ष, भाजपा किसान मोर्चा छ.ग, शामिल हुये। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र, मैनपाट के प्रक्षेत्र-चलता में माटी पूजन, बीज पूजन, कृषि उपकरणों की पूजा तथा देवी देवताओं की पूजा अर्चना कर खेती किसानी के नए कार्यों की शुरूआत की।
श्री अग्रवाल ने अच्छी फसल के लिए धरती माता से प्रार्थना करते हुये इस वर्ष भी अच्छी बारिश के साथ-साथ फसल अच्छी होगी तथा लोगों की समृद्धि की कामना की। उन्होने इस अवसर पर किसानों को जैविक खेती, प्राकृतिक खेती अपनाने, अच्छे स्वास्थ्य के लिये छोटे अनाज वाली फसलों को लगाने, कृषक संगठन बनाकर सामूहिक खेती करने पर जोर दिया। इस अवसर पर शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक श्री राजकुमार गुप्ता एवं ग्राम पंचायत सूर के संरपंच महोदया श्रीमति किरण भगत भी शामिल रही। इन्होने किसानों के लिये की जा रही तकनीकी सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिये कृषि विज्ञान केन्द्र के कार्यो की सराहना की।

इस केन्द्र के वैज्ञानिक डाॅ. प्रदीप लकड़ा, डाॅ. चन्द्रमणी साहू एवं डाॅ. सूरज पंकज उपस्थित थे। जिनके द्वारा प्रशिक्षण के दौरान किसानों को बताया की खेती में रासायनिक उर्वरकों का उपयोग आवश्यकता से ज्यादा उपयोग होने लगा है तथा कुछ वर्षों से खाद उर्वरकों की आपूर्ति में समस्या भी आ रही, जिसको दृष्टिगत रखते हेतु किसानों को रासायनिक उर्वरकों का उपयोग कम करते हुए अन्य वैकल्पिक व्यवस्था में जैविक खाद जैसे- हरी खाद, नील हरित शैवाल एवं जैव उर्वरकों के उपयोग की सलाह दी, जो मिट्टी और पर्यावरण की सेहत के लिए अधिक सुरक्षित हैं। समारोह के अंत में कार्यक्रम में शामिल सभी कृषक भाई बहनों को तकनीकी जानकारी प्रदान करते हुये केन्द्र के विभिन्न इकाइयों का भ्रमण कराया गया तथा सभी को एक-एक लीची के पौधे प्रदान किये गये।



