प्रदेश सरकार द्वारा बजट आने के उपरांत युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव विष्णु सिंह देव ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा पेश किए गए 2026 के बजट में युवाओं, बेरोजगारों और सरगुजा क्षेत्र की अनदेखी की गई है। जो राज्य की विकास यात्रा के लिए एक बड़ा झटका है। बजट में कुल 1.65 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, लेकिन इसमें युवाओं के लिए कोई ठोस रोजगार योजना, कौशल विकास कार्यक्रम या बेरोजगारी भत्ता शामिल नहीं है। सरगुजा जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र में जहां बेरोजगारी की दर ऊंची है और युवा कोयला खदानों के विस्तार के विरोध में संघर्ष कर रहे हैं, वहां सिर्फ परिवहन और मोबाइल कनेक्टिविटी जैसी मामूली योजनाओं का जिक्र है, लेकिन रोजगार सृजन या युवा सशक्तिकरण के लिए कोई विशेष आवंटन नहीं।
उम्मीद थी कि बजट में युवाओं के लिए नौकरी में छूट, बेरोजगारी भत्ता (जैसे पूर्व कांग्रेस सरकार में 2500 रुपये मासिक दिया जाता था) और सरगुजा में आदिवासी युवाओं के लिए विशेष स्किल ट्रेनिंग या ग्रामीण विकास योजनाएं शामिल होंगी, लेकिन ये सब छूट गए। इससे साफ है कि सरकार युवाओं की आकांक्षाओं से कटी हुई है और बेरोजगारी की समस्या को नजरअंदाज कर रही है। युवा कांग्रेस इस बजट की कड़ी निंदा करती है और मांग करती है कि युवाओं के हितों को प्राथमिकता दी जाए।



