संत हरकेवल शिक्षा महाविद्यालय में आज दिनांक 20 दिसंबर 2025 (शनिवार) को आई.क्यू.ए.सी. एवं स्पोर्ट्स क्लब के संयुक्त तत्वावधान में 21 दिसंबर – विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला में वरिष्ठ समाजसेवी एवं आर्ट ऑफ लिविंग छत्तीसगढ़ के स्टेट काउंसिल मेंबर श्री अजय तिवारी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यशाला के दौरान श्री अजय तिवारी जी द्वारा ध्यान की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए यह बताया गया कि ध्यान हमारे जीवन में क्यों और कैसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने ध्यान एवं एकाग्रता से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियाँ कराईं, जो विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी रहीं। साथ ही उन्होंने यह भी प्रेरणा दी कि ध्यान दिवस के अवसर पर हम समाज में अन्य लोगों को भी मानसिक स्वास्थ्य एवं ध्यान के महत्व के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अंजन सिंह द्वारा अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया गया कि ध्यान न केवल मानसिक शांति प्रदान करता है, बल्कि जीवन में संतुलन, एकाग्रता एवं सकारात्मक सोच को भी विकसित करता है।
अंत में श्रीमती नीरू त्रिपाठी द्वारा मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया गया तथा यह कहा गया कि उनके मार्गदर्शन से प्रशिक्षार्थियों को ध्यान एवं एकाग्रता के महत्व को समझने का अवसर मिला, जो उनके मानसिक स्वास्थ्य एवं समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।



