*तीन दिवसीय स्पोर्ट्स फेस्ट–2026 का सफल समापन*
संजय नगर स्थित के. आर. टेक्निकल कॉलेज में IQAC एवं स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय स्पोर्ट्स फेस्ट–2026 का आज हर्षोल्लास के साथ सफल समापन हुआ। इस आयोजन में महाविद्यालय के अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को चार समूहों—S1 समर्थ, S2 सार्थक, S3 संकल्प एवं S4 सम्पूर्ण—में विभाजित कर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं।
प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम पहले दिन- 100 मीटर व 200 मीटर दौड़, शॉट पुट एवं रस्साकशी, दूसरे दिन- वॉलीबॉल एवं खो-खो,
तीसरे दिन- शतरंज, कैरम एवं सोलो साइकिल रेस
तीन दिनों तक चले इस खेल महोत्सव में खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सम्पूर्ण प्रदर्शन के आधार पर S2 सार्थक समूह ने सर्वाधिक अंक अर्जित करते हुए स्पोर्ट्स फेस्ट–2026 की विजेता रही।
समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह, शासी निकाय के उपाध्यक्ष राहुल जैन, निशांत सिंह गोल्डी, डायरेक्टर डॉ. रीनू जैन एवं प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा द्वारा मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और टीमवर्क की भावना भी विकसित करते हैं। महाविद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार के खेल आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।”
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि “कॉलेज स्तर पर इस तरह के सुव्यवस्थित टूर्नामेंट से खिलाड़ियों को आगे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचने की मजबूत नींव मिलती है। यहाँ खिलाड़ियों में प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।”
शासी निकाय के उपाध्यक्ष श्री राहुल जैन ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं और महाविद्यालय की एक सराहनीय पहल हैं।
आयोजन के सफल संचालन में महाविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी रजत सिंह, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी विनितेश गुप्ता तथा सहायक प्राध्यापक घनश्याम मैत्री का विशेष योगदान रहा। साथ ही, सभी ग्रुप हेड समिति एवं महाविद्यालय के समस्त सहायक अध्यापकों की सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सका।
तीन दिवसीय स्पोर्ट्स फेस्ट–2026 ने महाविद्यालय परिसर को खेल, उत्साह और एकता के रंग में रंग दिया तथा विद्यार्थियों में खेल के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।



