अम्बिकापुर/भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर अपने नए प्रवक्ताओं के चयन प्रक्रिया को एक प्रतियोगी अभियान बनाकर प्रस्तुत किया है। टैलेंट हंट अभियान के प्रतिभागियों ने जटिल प्रश्नोत्तरी वाले आवेदन को ऑनलाइन भरकर अपना पंजीयन किया। आगामी चरणों में हर प्रतिभागी की राजनीतिक समझ से लेकर संवाद क्षमता तक की कड़ी परीक्षा लेने की तैयारी है।

इस अभियान के सरगुजा संभाग के रीजनल कॉर्डिनेटर और प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अनुपम फिलिप ने बताया कि सभी छह जिलों के प्रतिभागियों के साक्षात्कार और लेखन कौशल मूल्यांकन का आयोजन राजीव भवन, अंबिकापुर में रखा गया था। साक्षात्कार लेने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित वरिष्ठ पत्रकार अनंगपाल दीक्षित और वरिष्ठ किसान नेता राकेश गुप्ता ने प्रतिभागियों से रोचक और विषयाधारित सवाल पूछे।प्रतिभागियों के वक्तृत्व कला, संवाद कौशल, मीडिया प्रबंधन, त्वरित प्रतिक्रिया जैसी क्षमता पर आधारित जवाबों का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। साथ ही उनके लेखन कौशल को परखने हेतु लिखित मूल्यांकन भी किया गया।
अनुपम फिलिप ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी अभियान के माध्यम से काँग्रेस मुद्दा आधारित और जनहितकारी नीतियों पर उत्कृष्ट जानकारी रखने वाले प्रतिभागियों की पहचान करेगी। जिन्हें चयन प्रक्रिया से गुजार कर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी जाएगी।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक, अशोक जायसवाल, आशीष वर्मा, पूनम सिंह, गुरप्रीत सिद्धू, विकास श्रीवास्तव, शास्त्रांशु पाठक, ज़फ़र हैदर, दिनेश कुमार शर्मा सहित आकांक्षी प्रतिभागी उपस्थित रहे।



