जशपुरनगर:-
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला जशपुर द्वारा शनिवार को कन्या मिडिल स्कूल, पत्थलगांव में आयोजित बैठक सह चिंतन शिविर शिक्षकों की एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की दिशा तय करने का सशक्त मंच बनकर उभरा। जिले भर से पहुंचे पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ भाग लेते हुए शिक्षकीय हितों, संगठन विस्तार और आगामी रणनीतियों पर गंभीर मंथन किया।

शिविर का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना, सदस्यता विस्तार को गति देना तथा शिक्षकों से जुड़े मुद्दों के समाधान हेतु सामूहिक पहल को धार देना रहा। खुली परिचर्चा के दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए संगठन को अधिक सक्रिय, प्रभावी और परिणाममुखी बनाने पर जोर दिया। चर्चाओं में शिक्षकीय गरिमा, कार्यस्थल की चुनौतियां और शिक्षा की गुणवत्ता सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषय प्रमुख रहे।
इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय लेते हुए जिला अध्यक्ष के इस्तीफे को सर्वसम्मति से अस्वीकार कर दिया गया तथा उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुनः अनिल श्रीवास्तव को जिलाध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया। इस निर्णय का सभी ने तालियों के साथ स्वागत करते हुए संगठनात्मक एकता और विश्वास की भावना व्यक्त की।
प्रांताध्यक्ष संजय शर्मा ने अपने प्रेरक एवं मार्गदर्शक वर्चुअल उद्बोधन में संगठनात्मक एकता को शिक्षकों की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, प्रांतीय पदाधिकारी एल.डी. बंजारा एवं अनिल रावत, जिला पदाधिकारी लीलाम्बर यादव, आदित्य नारायण गुप्ता, महानन्द सिंह, विमल जायसवाल, विक्रम सिंह, प्रेम कुमार यादव, ब्लॉक अध्यक्ष धनुराम यादव, विवेक चौधरी, मुनेश्वर यादव, कलेश्वर यादव, ब्लॉक पदाधिकारी नित्यानंद यादव, श्रवण दास महंत, मुकेश यादव के साथ मुकेश पटेल, भोला डनसेना, क्षमानिधि बेहरा, रूपनारायण सिंह, प्रदीप सिंह और कालेश्वर भगत सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर सभी सदस्यों ने संगठन की मजबूती, शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा तथा शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सामूहिक संकल्प लिया। पूरा आयोजन ऊर्जा, संवाद और सहयोग की भावना से परिपूर्ण रहा। उक्त आशय की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी अफरोज खान ने दी।



