मंत्री, सांसद और वरिष्ठ पदाधिकारी तीनों विधानसभा में करेंगे मार्गदर्शन; महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए सरगुजा भाजपा नेतृत्व ने किया आह्वान।
अम्बिकापुर।
भाजपा का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “आत्मनिर्भर भारत एवं SIR 2025” को जन-जन तक पहुँचाने तथा महिलाओं की सक्रिय भूमिका को मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा सरगुजा महिला मोर्चा द्वारा प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर विधानसभा स्तरीय महिला सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।
यह सम्मेलन 6 दिसम्बर को सरगुजा जिले की तीनों विधानसभा—अम्बिकापुर, लुंड्रा एवं सीतापुर—में एक साथ आयोजित होगा।
अम्बिकापुर विधानसभा का कार्यक्रम उदयपुर स्थित पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह के निवास के पास, प्रातः 12:00 बजे से प्रारंभ होगा। लुंड्रा विधानसभा में कार्यक्रम दोपहर 11:00 बजे होगा। तथा सीतापुर विधानसभा का सम्मेलन बतौली में दोपहर 1:00 बजे से प्रारंभ होगा।
इन सम्मेलनों में मंत्री, सांसद, विधायक सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रमुख वक्ताओं के रूप में उपस्थित रहकर आत्मनिर्भर भारत और SIR 2025 की रूपरेखा, उद्देश्यों तथा इससे महिलाओं को मिलने वाले भविष्य के अवसरों पर विस्तार से मार्गदर्शन देंगे।
भाजपा का मानना है कि आत्मनिर्भर भारत अभियान केवल आर्थिक स्वावलंबन का संकल्प नहीं, बल्कि समाज की हर इकाई—विशेषकर महिलाओं—को सशक्त बनाने का राष्ट्रव्यापी आंदोलन है। वहीं SIR 2025 विकास, नवाचार, कौशल उन्नयन एवं रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक पहल है, जिसमें महिलाओं की भागीदारी को केंद्र में रखा गया है।
इस अवसर पर भाजपा सरगुजा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया एवं महिला मोर्चा सरगुजा की जिलाध्यक्ष श्रीमती फूलेश्वरी सिंह ने अपील की है कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे महिला सम्मेलनों में अधिक से अधिक महिलाएँ शामिल हो कर आत्मनिर्भरता के अभियान को गति प्रदान करें। उक्ताशय की जानकारी जिला महामंत्री विनोद हर्ष एवं श्रीमति अरुणा सिंह ने दी।



