*कुसमी बलरामपुर*
बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में सोशल मीडिया पर मुस्लिम समाज के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। इसी के विरोध में मुस्लिम समाज के लोगों ने एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कुछ युवकों द्वारा मुस्लिम समाज के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए पोस्ट डाली गई थी। जैसे ही यह पोस्ट सामने आई, क्षेत्र में नाराजगी बढ़ने लगी।

मामले को लेकर समाज के लोगों ने प्रशासन से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इससे नाराज होकर कुसमी में मुस्लिम समाज के लोग एकजुट हुए और शांतिपूर्ण तरीके से धरना प्रदर्शन किया।
धरना के दौरान समाज के प्रमुख लोगों ने कहा कि बार-बार किसी न किसी बहाने से मुस्लिम समाज को निशाना बनाया जा रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



