अंबिकापुर।सरगुजा जिले में रसोई गैस की बढ़ती कालाबाज़ारी को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज़ आलम गांधी ने कलेक्टर सरगुजा को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाज़ारी और जमाखोरी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सिलेंडर लेने के लिए नागरिकों की
लंबी लंबी क़तार लग रही है सही समय पर बुकिंग भी नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस की कालाबाज़ारी पर रोक लगाने के लिए तत्काल एक टोल फ्री नंबर जारी किया जाए, ताकि आम नागरिक आसानी से शिकायत दर्ज करा सकें और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग गैस की जमाखोरी और कालाबाज़ारी में संलिप्त पाए जाएं, उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
परवेज़ गांधी ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जिले में गैस वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं, ताकि कालाबाज़ारी पर प्रभावी नियंत्रण हो सके। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति में आवश्यक वस्तुओं की कालाबाज़ारी रोकने के लिए प्रशासन को और अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।
घरेलू गैस सिलेंडर आम जनता की दैनिक जीवन से जुड़ी अत्यंत आवश्यक वस्तु है। इसकी कृत्रिम कमी और कालाबाज़ारी से गरीब एवं मध्यम वर्ग के परिवारों को सबसे अधिक परेशानी होती है। इसलिए जनहित में इस विषय पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन इस गंभीर मुद्दे को संज्ञान में लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे आम जनता को राहत मिल सकेगी।



