अंबिकापुर।
आज भाजपा सरगुजा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में मल्टीपरपज हायर सेकेंडरी स्कूल प्रांगण में स्थित स्वतंत्रता संग्राम के क्षेत्रीय शहीदों और सेनानियों की शिला स्तंभ स्थल पर तिरंगा लगाया तथा महापुरुषों को पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम “घर घर तिरंगा हर घर तिरंगा” के अवसर पर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर सरगुजा क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम के शहीद और सेनानी मेवालाल सरजू राम, शिवदास राम जीवधन राम, ज्ञानी दर्शन सिंह सरदार किशन सिंह, अन्नदा प्रसाद राधिका प्रसाद हलधर, उमेद सिंह रावत महेंद्र सिंह रावत एवं श्याम सिंह गिल उत्तम सिंह गिल को विशेष रूप से याद किया गया और उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
भारत सिंह सिसोदिया ने अपने संबोधन में कहा कि विभाजन विभीषिका दिवस हमें 1947 के भारत विभाजन के समय लाखों निर्दोष नागरिकों के विस्थापन, अमानवीय हिंसा और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने कहा, “यह दिन हमें देश की अखंडता, एकता और भाईचारे की रक्षा के संकल्प को दोहराने का अवसर देता है। सरगुजा के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों ने जिस त्याग और साहस का परिचय दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।”
महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में सरगुजा क्षेत्र के सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की आज़ादी का सपना साकार किया। विभाजन के दर्द को भुलाना संभव नहीं है, लेकिन यह हमारे लिए यह सीख है कि हम राष्ट्र की एकता को किसी भी कीमत पर कायम रखें।
पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि विभाजन विभीषिका केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि एक ऐसी पीड़ा है जिसे हमारे पूर्वजों ने झेला है। उन्होंने कहा कि हम सभी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र सेवा में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, राजकुमार बंसल, जन्मजेय मिश्रा, विकास पांडे, मधु चौधरी, कमलेश तिवारी, मनोज कंसारी, निश्चल प्रताप सिंह, जितेंद्र सोनी, अवधेश सोनकर, संजीव वर्मा, शैलेन्द्र शर्मा, आशा शुक्ला, प्रियंका चौबे, नीलम राजवाड़े सहित भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।



