कुसमी चांदो
(बलरामपुर-रामानुजगंज)।
जिले की शिक्षा व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा करने वाली एक बेहद गंभीर और संवेदनशील घटना सामने आई है। कुसमी विकासखंड के ग्राम पंचायत नवाडीह कला के बरवाही पारा स्थित प्राथमिक शाला बरवाही में पदस्थ प्रधान पाठक पर 6 वर्षीय मासूम छात्रा के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगा है। घटना के बाद से पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है।
*क्या है पूरा मामला?*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता दशरथ प्रसाद गुप्ता ने आरोप लगाया है कि उनकी पोती आरोही गुप्ता, जो कक्षा पहली की छात्रा है, 12 मार्च 2026 को स्कूल में पढ़ाई के दौरान प्यास लगने पर अपने बैग से पानी की बोतल निकालकर पानी पी रही थी। इसी दौरान अनजाने में थोड़ा पानी जमीन पर गिर गया।
*छोटी सी गलती पर बड़ी सजा*
आरोप है कि इस मामूली घटना पर प्रधान पाठक अशोक कुमार गुप्ता गुस्से में आ गए। उन्होंने बच्ची के हाथ से बोतल छीन ली, उसे गंदी-गंदी गालियां दीं और कथित तौर पर पूरी बोतल का पानी उसके सिर पर उड़ेल दिया।

इस अमानवीय व्यवहार से डरी-सहमी बच्ची रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। घटना के बाद से बच्ची मानसिक रूप से भयभीत बताई जा रही है।
*पहले भी लग चुके हैं आरोप*
ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। प्रधान पाठक के खिलाफ पहले भी बच्चों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
*परिजनों की मांग*
पीड़ित परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी प्रधान पाठक पर कड़ी कार्रवाई एवं निलंबन की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और बच्चे बिना डर के शिक्षा प्राप्त कर सकें।
*अब सवाल ये है…*
क्या शिक्षा विभाग इस गंभीर मामले में सख्त कदम उठाएगा या फिर पहले की तरह यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला जाएगा?



