कुसमी | जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत त्रिपुरी के घोसरा गांव में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती पर कुसमी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घोसरा क्षेत्र में लगभग 5 से 6 एकड़ भूमि पर अवैध तरीके से अफीम की खेती की जा रही थी।
सूचना मिलने पर कुसमी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और खेतों में लगी अफीम की फसल को नष्ट करने की कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि लंबे समय से इस क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर मौके पर जांच की।

जांच के दौरान खेतों में बड़े पैमाने पर अफीम के पौधे पाए गए। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए फसल को नष्ट कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध अफीम की खेती करने वालों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर कुसमी एसडीएम सहित पुलिस की पूरी टीम मौजूद है और पूरे मामले की जांच जारी है।



