अंबिकापुर: स्थानीय राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अंतर्गत बनारस रोड पर स्थित बैडमिंटन हॉल को खिलाड़ियों के लिए शीघ्र खोलने की मांग को लेकर आज आजाद सेवा संघ के प्रतिनिधिमंडल ने महाविद्यालय प्रशासन से मुलाकात की। संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा के नेतृत्व में सौंपे गए इस औपचारिक ज्ञापन के माध्यम से कॉलेज प्रबंधन का ध्यान खिलाड़ियों को हो रही व्यवहारिक समस्याओं की ओर आकृष्ट कराया गया।
ज्ञापन सौंपते हुए प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के बीच बैडमिंटन के प्रति जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। कॉलेज परिसर में खेल की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद, हॉल का पूर्ण रूप से संचालित न होना समझ से परे है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि संसाधनों का उपयोग न होने की स्थिति में वे जर्जर होने लगते हैं, अतः छात्र हित और खेल भावना को सर्वोपरि रखते हुए इस बैडमिंटन हॉल को नियमित अभ्यास के लिए अविलंब खोला जाना चाहिए ताकि प्रतिभाओं को सही मंच मिल सके।
इस गंभीर विषय पर चर्चा के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य ने आजाद सेवा संघ की मांगों को तर्कसंगत माना। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि कॉलेज प्रशासन खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्राचार्य ने तत्काल निर्देश देते हुए उचित आश्वासन दिया कि हॉल की गहन साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द दुरुस्त कर लिया जाएगा, जिसके पश्चात इसे विधिवत रूप से खिलाड़ियों और छात्र-छात्राओं हेतु खोल दिया जाएगा।
संघ ने कहा कि इस निर्णय से खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा और वे जिला व प्रदेश स्तर पर शहर का नाम रोशन कर सकेंगे। इस अवसर पर आजाद सेवा संघ के अनेक पदाधिकारी एवं जागरूक छात्र उपस्थित रहे।



