बलरामपुर। चांदो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंदरी में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां अनियंत्रित बॉक्साइट परिवहन कर रहे ट्रक की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल मानवता दिखाते हुए घायल युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल बलरामपुर में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही चांदो थाना और गणेश मोड़ पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में लेते हुए लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद आवागमन को फिर से सुचारू कराया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि कंठी घाट सड़क पर बॉक्साइट परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद लगातार भारी वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
इस पूरे मामले में बलरामपुर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने कहा है कि घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
*बड़ा सवाल:*
प्रतिबंध के बावजूद सड़कों पर दौड़ रहे भारी वाहन, आखिर जिम्मेदार कौन?



