अम्बिकापुर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लागू किए गए जीएसटी 2.0 रिफॉर्म से किसानों, व्यापारियों, मध्यमवर्ग एवं आमजन को राहत और सहारा मिलने पर भाजपा सरगुजा संभाग अंतर्गत व्यापार, आर्थिक एवं व्यावसायिक प्रकोष्ठ द्वारा होटल पर्पल, अंबिकापुर में अभिनंदन एवं आभार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय, मुख्य वक्ता के रूप में मंत्री रामविचार नेताम, अध्यक्षता मंत्री राजेश अग्रवाल ने की। विशेष अतिथि मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक लाभचंद बाफना, विधायक गण संभाग के समस्त भाजपा जिलाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि टैक्स व्यवस्था कोई नई नहीं है, यह प्राचीन काल से समाज और राष्ट्र के संचालन का आधार रही है। राजा-महाराजाओं के समय से टैक्स लिया जाता था ताकि जनता के कल्याण और राज्य के संचालन के लिए संसाधन उपलब्ध हो सकें। लेकिन कांग्रेस के शासनकाल में टैक्स प्रणाली बेहद जटिल और असंगठित हो गई थी, जिसने व्यापारी वर्ग और आम जनता को बोझ तले दबा दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पाँच स्लैब को घटाकर दो स्लैब कर टैक्स को बेहद सरल, पारदर्शी और व्यावहारिक बनाया है। आज व्यापारी केवल व्यवसाय नहीं कर रहा, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी अहम भूमिका निभा रहा है। “व्यापारी वर्ग जब अपने व्यापार से आगे बढ़कर देश के लिए सोचना शुरू कर देता है, तब राष्ट्र कई गुना तेजी से प्रगति की ओर अग्रसर होता है।”
पवन साय ने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे सूर्य जल को भाप में लेकर बाद में वर्षा के रूप में कई गुना लौटाता है, उसी प्रकार जीएसटी व्यवस्था देश को नई ऊर्जा और विकास की वर्षा से सींच रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जीएसटी सुधार देश की आर्थिक मजबूती के साथ-साथ रामराज्य की आदर्श कल्पना को साकार करेगा।
मुख्य वक्ता मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि “वन नेशन, वन टैक्स” की अवधारणा भारत के इतिहास में सबसे बड़ा कर सुधार है। पुराने समय में भी राजा कर वसूलते थे ताकि निर्माण कार्य और जनकल्याण हो सके, लेकिन जब-जब करों का बोझ बढ़ा, शासक अलोकप्रिय हुए। कांग्रेस शासनकाल ने भी जनता पर अनावश्यक टैक्स का बोझ डालकर यही गलती दोहराई।
उन्होंने कहा कि 2014 में जब प्रधानमंत्री मोदी ने देश की बागडोर संभाली, तब अर्थव्यवस्था चरमरा चुकी थी, भ्रष्टाचार चरम पर था और विकास ठप हो गया था। मोदी जी ने साहसिक निर्णय लेते हुए नोटबंदी, जीएसटी, जनधन योजना, शौचालय, गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, बिजली और सड़क जैसी योजनाओं से गरीब और किसान वर्ग को मजबूत आधार दिया।
नेताम ने कहा कि जीएसटी 2.0 केवल टैक्स सुधार नहीं है, बल्कि यह भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम है। आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और 2027 तक निश्चित रूप से विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में विश्व भारत की ओर आशा से देख रहा है और यह हमारी बड़ी उपलब्धि है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि भारत को कभी “सोने की चिड़िया” कहा जाता था, लेकिन लंबे समय तक चली गुलामी और कांग्रेस शासन ने देश को आर्थिक रूप से कमजोर कर दिया। मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।
उन्होंने कहा कि मोदी जी के पहले और आज की स्थिति में जमीन-आसमान का अंतर है। पहले भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और अनिश्चितता थी, वहीं आज पारदर्शिता, सुशासन और तीव्र गति से विकास हो रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अब देश में टैक्स पेयर्स की संख्या बढ़ाना जरूरी है, ताकि विकास के लिए और अधिक संसाधन जुटाए जा सकें।
व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक लाभचंद बाफना ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में टैक्स व्यवस्था व्यापारियों और आम जनता दोनों के लिए बेहद कठिनाईपूर्ण थी। लेकिन मोदी जी ने इसे सरल और प्रभावी बनाकर व्यापारी वर्ग को राहत दी है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जनधन, उज्ज्वला, किसान सम्मान निधि, मुफ्त अनाज जैसी योजनाओं के जरिए गरीब और जरूरतमंदों तक सीधी सहायता पहुंचाई। नोटबंदी और जीएसटी जैसे बड़े फैसले सामान्य नहीं थे, लेकिन इन्हीं निर्णयों ने भारत को मजबूत अर्थव्यवस्था बनाने में मदद की।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जब पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्थाएं चरमरा गईं, तब मोदी जी के नेतृत्व ने भारत को न केवल संकट से बाहर निकाला बल्कि और मजबूती प्रदान की।
कार्यक्रम के बीच में वरिष्ठ टैक्स अधिवक्ता सुलोचना पांडे का सम्मान अतिथियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित विधायक प्रबोध मिंज, विधायक राजकुमार टोप्पो, विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, विधायक भूलन सिंह मराबी, पूर्व मंत्री राम सेवक पैकरा , युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय तोमर , महापौर मंजूषा भगत, कमलभान सिंह , जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया , मुरली मनोहर सोनी, एमसीबी चंपादेवी पावले, देवेन्द्र तिवारी , ओम प्रकाश जयसवाल , जिप अध्यक्ष निरूपा सिंह , चंद्रमणि पैकरा जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया ।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने प्रधानमंत्री मोदी, सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
मंच का सफल संचालन कार्यक्रम संयोजक मुकेश गर्ग ने किया।
कार्यक्रम में भाजपा वरिष्ठ नेता मेजर अनिल सिंह, ललन प्रताप सिंह, बाबूलाल गोयल, अम्बिकेश केशरी हरपाल भामरा अभिमन्यु गुप्ता, राजकुमार बंसल, सहित बड़ी संख्या में व्यवसायी, गणमान्य नागरिक , जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।कार्यक्रम को सफल बनाने में रमन अग्रवाल अभिषेक शर्मा रवीन्द्र तिवारी, मुकेश अग्रवाल , उमेश अग्रवाल अशोक अग्रवाल सक्रिय रहे हैं।